महाराष्ट्र में मानसून की दस्तक के साथ ही मुंबई में पिछले तीन दिनों से भारी बारिश लगातार जारी है। आज शुक्रवार को भी देश की आर्थिक राजधानी में सुबह से ही बारिश जारी है। मौसम विभाग मुंबई के अनुसार, मुंबई के कोलाबा में 23.4 मिमी बारिश वहीं सांताक्रूज़ में पिछले 24 घंटों के दौरान 107.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
मुंबई महानगर में भारी बारिश के चलते कई जगह जल जमाव जैसी स्थिति बन गई है। कई अंडर पास में पानी भर जाने से रास्ते बंद हो गए हैं। वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को जारी अपनी मासिक रिपोर्ट में कहा कि इस साल मई में सर्वाधिक बारिश हुई है जिसने देश में पिछले 121 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
आईएमडी ने बताया है कि भारत में इस साल मई में औसत अधिकतम तापमान 34.18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 1901 के बाद चौथा सबसे कम तापमान था। वहीं 1977 के बाद सबसे कम है जब अधिकतम तापमान 33.84 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।